एक-दूसरे के मुल्क में जाने पर मनाही, तो इस कपल ने बॉर्डर पर ही कर दी शादी

कहते हैं कि प्यार सारी सीमाओं को तोड़ना जानता है। ऐसा ही कुछ एक कपल के साथ हुआ है। इस कपल ने बॉर्डर पर ही शादी रचाई। जानिए आखिर क्यों

New Delhi, Nov 22 : कहते हैं कि प्यार में बड़ी ताकत होती है। प्यार से दो दिल तो जुड़ते हैं लेकिन दो मुल्क भी आपस में जुड़ जाते हैं। ऐसा ही कुछ अमेरिका और मैक्सिको के बीच सीमा रेखा पर हुआ है। अमेरिका और मैक्सिको के बीच एक बॉर्डर बनी है। साल में एक खास मौके पर इस सीमा रेखा के दरवाजों को खोला जाता है। इससे एक मुल्क के लोग  दूसरे मुल्क के अपने लोगों से मुलाकात करते हैं।

सरहद पर शादी
इस बार चिल्ड्रन्स डे के मौके पर इस सीमा रेखा को एक दूसरे मुल्क के लोगों के लिए खोला गया था। लेकिन इस बार कुछ खास हुआ। एक अमेरिकन शख्स और एक मैक्सिकन महिला की शादी ने इस मौके को खास बना दिया।  चिल्ड्रेंस डे के दिन भी इस सीमा रेखा को 1 घंटे के लिए खोला गया। इस दौरान ये शादी रचाई गई और इस मौके को सभी के लिए यादगार बनाया गया।

अमेरिका-मैक्सिको के बीच है सरहद
अमेरिका और मैक्सिको के बीच जो सीमा रेखा है, उसे डोर ऑफ होप कहा जाता है। जी हां ये ही वो डोर ऑफ होप है, जिसकी बदौलत दोनों मुल्कों के लोग एक दूसरे से मिल पाते हैं। इस दौरान जब ये गेट खुला तो भारी सिक्योरिटी के बीच अमेरिका के ब्रायन और मैक्सिको की इविलिया की शादी हुई। दोनों ने एक दूसरे को अंगूठी पहनाई और साबित कर दिया कि प्यार को कोई ताकत नहीं रोक सकती।

सरहद पर शादी हो गई वायरल
इस खबर में दिलचस्प पहलू ये था कि ये दोनों एक दूसरे के मुल्क नहीं जा सकते। इसके बाद भी जब सीमा रेखा को कुछ देर के लिए खोला गया तो ब्रायन और इविलिया रेएस ने सीमा रेखा का गेट खुलते ही एक दूसरे को रस्म के मुताबिक अंगूठी पहना दी। इस दौरान ही दोनों ने शादी भी कर दी। इस बीच दोनों के परिवार वाले भी इस रस्म में शामिल हुए थे।

ये हैं कुछ खास वजहें
दरअसल अमेरिका के ब्रायन कुछ वजहों के चलते मैक्सिको नहीं जा सकते। उधर इविलिया के पास भी ग्रीन कार्ड नहीं है। इस वजह से इविलिया भी अमेरिका नहीं जा सकी। लेकिन एक बात ये है कि दोनों एक दूसरे से बेहद प्यार करते हैं। इसी के चलते ब्रायन और इविलिया ने शादी के लिए पहले से ही प्लान तैयार कर दिया। इसके लिए उन्होंने एक खास ग्रुप से संपर्क किया।

एक ग्रुप से मांगी मदद
दोनों ने बॉर्डर एंजल्स नाम के ग्रुप से संपर्क साधा। ये ग्रुप दोनों देशों के बीच सरहद खोलने की पहल करता है। इस ग्रुप की लाख कोशिशों के बाद ही इस कपल को सीमा रेखा पर मिलने का मौका मिल पाया। साल 2013 के बाद से ये छठी बार है कि इस सीमा रेखा के दरवाजे खोले गए हैं। इसके अलावा भी इस शादी को लेकर कुछ और भी बातें हैं, जिनके बारे में आपका जानना जरूरी है।

इवियाना को चाहिए ग्रीन कार्ड
ब्रायन और इवियाना ने ग्रीन कार्ड के लिए एक वकील भी रखा है। ग्रीन कार्ड के जरिए ही इवियाना को अमेरिका लाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस प्रोसेस को पूरा करने में अभी एक साल का वक्त लगेगा। यहां एक और खास बात आपको बता दें कि अमेरिका में अभी 1.1 करोड़ अवैध प्रवासी बसे हैं। इन करोड़ों लोगों में ज्यादातर लोग मैक्सिको के ही बताए जाते हैं।

प्यार में बड़ी ताकत है
इतना जरूर है कि ब्रायन और इवियाना ने साबित कर दिया है कि अगर आपके बीच प्यार हो तो दुनियाभर के बंधन आपके रास्ते में रोड़ा नहीं बन सकते। इस वजह से इस शादी की दुनिया भर में काफी चर्चाएं हो रही हैं। अमेरिका के कई लोग इस वक्त इवियाना के समर्थन में उतर गए हैं। उधर ब्रायन को भी सपोर्ट करने वालों की कोई कमी नहीं है। देखना है कि इस मामले में आगे क्या होता है।