प्रिंस अल वलीद की दिलचस्प कहानी, कैसे खरबपति बनें और हुए गिरफ्तार

prince 1

सउदी अरब के प्रिंस अल वलीद को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनकी लाइफ बेहद दिलचस्प है, जिसके बारे में हम बता रहे हैं।

New Delhi, Nov 07: सउदी अरब के प्रिंस की गिरफ्तारी की खबरें तो आपने पढ़ी ही होंगी, लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि प्रिंस अल-वलीद बिन तलाल हैं कौन, और क्यों वो गिरफ्तार हुए हैं, हम आपको उनकी दिलचस्प कहानी बताने वाले हैं। सउदी अरब के सबसे अमीर प्रिंस हैं वो. भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हुए प्रिंस एक समय वलीद घर से खाली हाथ निकले थे, लेकिन आज उनका साम्राज्य 1.22 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का है। दुनिया में ऐशो-आराम की जो भी चीज आप सोच सकते हैं, उस से परे जाकर प्रिंस ने अपना ख्वाबगाह तैयार किया है। उनके पास दुनिया की हर चीज मौजूद है, पैसा इतना है कि वो दोनों हाथों से लुटाए तो भी उसे खत्म होने में कई जन्म लग जाएंगे।

बचपन में घर से भाग जाया करते थे
प्रिंस अल वलीद का जन्म सऊदी अरब के राजघराने में 7 मार्च 1955 को हुआ था। अल वलीद की मां मोना अल सुलह लेबनान के प्रथम प्रधानमंत्री रियाद अल सुलह की बेटी थीं। अल वलीद  7 साल के ही थे जब उनके माता पिता अलग हो गए थे। अल वलीद अपनी मां के साथ लेबनान चले गए थे, वो वहीं रह रहे थे। अल वलीद के बारे में बताया जाता है कि वो बचपन में अपने घर से कई बार भाग जाया करते थे।

ऐसे शुरू किया कारोबार
अल वलीद ने 1979 में अपना कारोबार शुरू किया। पिता से 30,000 डॉलर का लोन लिया और अपने घर को गिरवी रख कर कारोबार शुरू किया। धीरे धीरे् अल वलीद का कारोबार बढ़ने लगा। 1991 में अल वलीद ने अमेरिका के एक खस्हाल बैंक में निवेश किया था। आज वो बैंक सिटीकॉर्प के नाम से जाना जाता है। 2005 में उनका निवेश बढ़कर 10 बिलियन डॉलर हो गया। 2016 में फोर्ब्स ने अल वलीद को दुनिया का 41वां सबसे अमीर शख्स बताया था।

शानो शौकत का शहंशाह
प्रिंस अल वलीद के दुनिया की हर महंगी चीज है। उनके पास 85.9 मीटर लंबी एक प्राइवेट क्रूज भी है, इस क्रूज को अल वलीद ने डोनाल्ड ट्रम्प से खरीदा था। ट्रम्प ने इस क्रूज को ट्रम्प प्रिंसेज का नाम दिया था, जिसे बाद में अल वलीद ने बदलकर किंगडम 5KR कर दिया। किंगडम उनकी कंपनी का नाम है। इस क्रूज में सभी आधुनिक सुविधाएं हैं, ये उनके लिए पानी पर तैरता हुआ महल है।

सोने से जड़ा प्लेन
अल वलीद दिखावा करने के लिए मशहूर है। उनके पास बोइंग 747 और एयरबस 321 एयरक्राफ्ट भी है, इनको वो प्राइवेट जेट में बदल चुके हैं। अल वलीद के पास सोने से जड़ा हुआ प्लेन भी है, जिसे दुनिया का सबसे महंगा प्लेन बताया जाता है। इसे उड़ता हुआ महल भी कहा जाता है। इस प्लेन में बैठने वाले बताते हैं कि प्लेन में खाना भी सोने की थालियों में खाया जाता है।

तीन महलों के मालिक
प्रिंस अल वलीद के पास तीन आलीशान महल भी हैं। एक पैलेस का नाम किंग रिजॉर्ट है। ये 50 लाख वर्ग मीटर में फैला हुआ है। दूसरा महल प्रोमोशन पैलेस रियाद में है। बालुई रंग के महल की कीमत 300 मिलियन डॉलर है। इस महल में 317 कमरे हैं। अल वलीद तलाल ने कुछ समय पहले ही एक नए महल का निर्माण करवाया है, नया महल 40 लाख वर्ग मीटर में फैला हुआ है। इसमें लग्जरी रिजॉर्ट के साथ 70,000 वर्ग मीटर में एक झील बनाई गई है और एक प्राइवेट जू भी है।

खुद को दानी बताते हैं
अल वलीद खुद को एक दानी के रूप में पेश करते हैं। उनकी वेबसाइट के मुताबिक उन्होंने सऊदी अरब, लेबनान और दुनिया के कई देशों के हजारों लोगों को दान दिया है। खास बात ये है कि अमेरिका पर हुए आतंकी हमले के बाद अल वलीद ने अमेरिका को भी 10 लाख मिलियन डॉलर की मदद की पेशकश की थी। लेकिन अमेरिका ने प्रिंस से मदद लेने से इंकार कर दिया था।

भारत में भी की है मदद
अल वलीद भारत में ही दान कर चुके हैं। 2004 में भारत में आए भूकंप और सूनामी के पीड़ितों के लिए भी अल वलीद ने 17 मिलियन डॉलर का दान दिया था। अल वलीद ने अमेरिका की जार्जटाउन यूनिवर्सिटी और हार्वर्ड यूनिवसिर्टी को 10-10 मिलियन डॉलर का दान दिया था। वो अरब देशों की सहायता भी करते रहते हैं। कुल मिलाकर खुद को दानी के तौर पर पेश करने से उनको खुशी होती है। फिलहाल अल वलीद भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार हैं। इसके पीछे राज परिवार में आपसी रंजिश का शक भी किया जा रहा है।