कैसा रहेगा साल 2018 ? वैदिक ज्‍योतिष शास्त्र से जानिए 12 राशियों का वर्षफल

 2018 में क्या करें और क्या न करें, किन उपायों को करने से यह वर्ष आपके लिए बेहतर हो सकता है और किस तरह आप संभावित समस्याओं का निराकरण पू्र्व में ही कर सकते हैं। वैदिक ज्योतिष पर आधारित यह राशिफल 2018 आपके लिए है….

New Delhi, Dec : मेष राशिफल 2018 – मेष राशि वालों के साल की शुरुआत ऊर्जा और संकल्प से भरपूर है। सारे वर्ष बुद्धिमानी से लिए गए निर्णय अच्छी ख़बर लाते रहेंगे। हालांकि पारिवारिक जीवन में कुछ तनाव मुमकिन है। आप भागदौड़ भरी दिनचर्या व खान-पान में अनियमितता के चलते असंतुष्ट और नाख़ुश महसूस कर सकते हैं। वर्ष के आरंभिक 2 महीने स्वास्थ्य के लिहाज़ से बहुत बेहतर नहीं रहेंगे। अगर बात करियर की करें तो इस नज़रिए से यह साल आपको ऊंचाई पर ले जाएगा। आय में भी वृद्धि होने की प्रबल संभावना है।
उपाय : इस वर्ष को बेहतर बनाने के लिए माता या माता सामान महिला की सेवा करें एवं नाग-नागिन का जोड़ा बहते पानी में प्रवाह करें।

वृष राशिफल 2018
इस वर्ष आपको अपनी सेहत का ख़ास ख़्याल रखने की ज़रूरत है। आप अपने स्वभाव में आक्रामकता का अनुभव कर सकते हैं, जिसका प्रभाव आप पर नकारात्मक रहेगा। अतः आक्रामकता से बचें। धीरे-धीरे आपमें इच्छा-शक्ति का विकास होगा और किसी भी चीज़ को हासिल करने में इससे आपको सहायता मिलेगी। सफलता पाने के लिए आपको पूरे साल कठिन परिश्रम करने की आवश्यकता है। संभव है कार्य में आपको कुछ निराशा हाथ लगे। अक्टूबर के बाद आर्थिक तौर पर प्रगति होगी, साथ ही आपका वैवाहिक जीवन भी अधिक सुखमय रहेगा। उपाय : पुजारी को पीले कपड़े दान करना शुभ रहेगा।

मिथुन राशिफल 2018
मिथुन राशि के जातकों में अभिव्यक्ति की कला अन्तर्निहित होती है। यह क्षमता आपको पूरे साल मदद करेगी। हालांकि पहले महीने में आपको अपने शब्दों पर ध्यान देने की ज़रूरत है, क्योंकि शब्दों का ग़लत चुनाव विवाद की वजह बन सकता है। काम-काज को बढ़ाने के लिए आप घर से दूर जा सकते हैं। इससे आपको आर्थिक तौर पर फ़ायदा होगा। इसके चलते प्रियजनों से हुई दूरी आपको बेचैन कर सकती है। इसलिए निजी और पेशेवर जीवन में सन्तुलन बनाने की आवश्यकता है।
उपाय : गरीबों में गुलाब जामुन का वितरण करना चाहिए।

कर्क राशिफल 2018
पूरे वर्ष आप उत्साह से लबरेज़ रहेंगे और दूसरों को नेतृत्व प्रदान करने के इच्छुक होंगे। हो सकता है कि इस साल आपके कुछ प्रियजन आपको ठीक-से नहीं समझें और इसके चलते रिश्तों में तनाव आ सकता है। पारिवारिक जीवन सौहार्दपूर्ण रहेगा। छोटी-मोटी नोंक-झोंक को नकारा नहीं जा सकता है। आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और कार्यक्षेत्र में आपका सम्मान बढ़ेगा। सामाजिक तौर पर भी 2018 में आपका यश फैलेगा। इस साल आपका पूरा ध्यान सेहत के ऊपर होना चाहिए, क्योंकि संक्रामक रोगों की चपेट में आने की संभावना है।
उपाय : मां दुर्गा की पूजा अर्चना हितकर रहेगी।

सिंह राशिफल 2018
सिंह का भविष्यकथन संकेत कर रहा है कि इस वर्ष धार्मिक और आध्यात्मिक क्रिया-कलापों के प्रति आपका रुझान बढ़ेगा। मुमकिन है कि इस दौरान आप तीर्थयात्रा पर भी जाएं। जनवरी-फ़रवरी में भाई-बहन में किसी की तबियत बिगड़ सकती है। आपके पराक्रम में बढ़ोत्तरी होगी। यदि बात प्रेम-संबंधों कि करें तो आपको मिश्रित फल प्राप्त होने वाले हैं। एक तरफ़ कुछ ग़लतफ़हमी होना मुमकिन है, वहीं दूसरी तरफ़ अपने प्रिय के साथ संबंधों की ताज़गी भी महसूस कर सकते हैं। आपके कर्म आपको सफलता की राह पर ले जाएंगे; हालांकि आपको आलस्य से दूर रहने की ज़रूरत है। वैवाहिक जीवन में सुख की वृद्धि होगी।
उपाय : शिव चालीसा का पाठ करें।

कन्या राशिफल 2018
कन्या के लिए 2018 राशिफल कहता है कि यह साल आपके लिए बड़ी-बड़ी उपलब्धियों का साल रहेगा। आपके पास कई बेहतरीन मौक़े आएंगे, जिनसे आपको काफ़ी आर्थिक लाभ हासिल होगा। सामाजिक तौर पर आप सक्रिय रहेंगे तथा आपकी प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होगी। मित्रों व प्रियजनों के साथ इस वर्ष अच्छा समय बीतेगा। हालांकि विद्यार्थियों को एकाग्रता की कमी से जूझना पड़ सकता है। इसलिए इस वर्ष सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करने की ज़रूरत है।
उपाय : सूर्य भगवान को जल चढ़ाएं व गरीबों की मदद करें।

तुला राशिफल 2018
साल की शुरुआत ऊर्जा-पूर्ण रहेगी, लेकिन व्यवहार में आक्रामकता हो सकती है जिसे नियंत्रित करने की आवश्यकता है। वैवाहिक और पारिवारिक जीवन में सुख-शांति के लिए यह ज़रूरी है। जनवरी से मार्च के दौरान सेहत थोड़ी गड़बड़ रह सकती है।शब्दों को सोच-समझकर बोलें, नहीं तो मुमकिन है कि उनसे किसी की संवेदनाएं आहत हों। इस साल कार्यालय आपके लिए अच्छा रहने वाला है क्योंकि यहां आपके विचार मूर्त रूप धारण करेंगे और चीज़ें आपके अनुकूल होती दिखेंगी।किसी सहकर्मी से कुछ कहासुनी भी हो सकती है।
उपाय : बजरंग बाण का पाठ करना अच्छा रहेगा।

वृश्चिक राशिफल 2018
वृश्चिक राशि के जातकों को इस वर्ष कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। यदि आप दृढ़ता से ऐसा करने के लिए तैयार हैं तो आप अपने लक्ष्यों को प्राप्त करेंगे। जनवरी से मार्च के दौरान सेहत को लेकर आपको थोड़ा सजग रहने की ज़रूरत है। इसके बाद आपके स्वास्थ्य में सुधार होगा और शरीर में रोग-प्रतिरोधक शक्ति आएगी। आप अपने विरोधियों पर विजय पाएंगे। जहां तक आर्थिक हालात की बात है तो इस साल–विशेषतः अक्टूबर तक आपके ख़र्चे काफ़ी अधिक रहेंगे, जिससे आपकी वित्तीय स्थिति पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। आपको बहुत सोच-समझकर निवेश करने की ज़रूरत है।
उपाय : बड़े बुजुर्गों की सेवा करना शुभतादायक रहेगा।

धनु राशिफल 2018
धनु राशि के जातकों को इस वर्ष उन्नति के कई मौक़े मिलेंगे। आपके संकल्प की दृढ़ता आपको 2018 में बहुत आगे ले जाएगी। मार्च के महीने तक आय में वृद्धि होने के योग दिखाई दे रहे हैं। उसके बाद मई तक आपके ख़र्चे में वृद्धि हो सकती है, लेकिन उसके बाद फिर बाक़ी बचे साल के लिए गाड़ी पटरी पर लौट आएगी। अतः रुपये-पैसे की अधिक चिन्ता नहीं रहेगी। आय के नए स्रोतों को खोजने की ओर आपका रुझान रहेगा और आप एकाधिक स्रोतों से धनार्जन करने में सफल भी रहेंगे।
उपाय : भगवान कृष्ण की पूजा करें। केसर का तिलक नाभि जुबान और माथे पर लगाएं।

मकर राशिफल 2018
इस वर्ष आप यह समझ सकेंगे कि जीवन अपनी गहनता में क्या-क्या अर्थ समेटे है। एक तरफ़ आपके ख़र्चों में वृद्धि हो सकती है और आप महसूस कर सकते हैं कि आर्थिक तौर पर हालात थोड़े कठिन हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सेहत को लेकर भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आपके तार विदेशों से जुड़ सकते हैं और उस ज़रिए से आपकी आय में वृद्धि होने के योग भी बन रहे हैं। वैदिक ज्योतिष का संकेत समझें तो अध्यात्म में आपका रुझान बढ़ेगा और भौतिक वस्तुओं से थोड़ी दूरी महसूस करेंगे।
उपाय : हनुमान जी की पूजा उपासना करना ठीक रहेगा।

कुंभ राशिफल 2018
कुंभ राशि के जातकों का निर्णय इस वर्ष प्रगति की बुनियाद रखेगा। आपका ध्यान मुख्यतः धनार्जन पर केन्द्रित रहेगा और अपने कठिन परिश्रम से आप काफ़ी लाभ प्राप्त करने में भी सफल रहेंगे। आपकी आर्थिक स्थिति काफ़ी सुदृढ़ होगी। लंबी यात्राओं का योग भी इस वर्ष बन रहा है। राशिफल 2018 के मुताबिक़ इस वर्ष आप बुद्धिमत्तापूर्ण फ़ैसले करेंगे। यदि आप ध्यान दें तो आपकी सेहत में भी अच्छा सुधार हो सकता है और लंबे समय से चली आ रही किसी बीमारी से छुटकारा मिल सकता है।
उपाय : प्रत्येक चौथे महीने रुद्राभिषेक करवाएं।

मीन राशिफल 2018
मीन राशि के जातक संवेदनशील होते हैं। आन्तरिक और बाह्य दोनों ही नज़रिए से इस वर्ष आपकी संवेदनशीलता में और इज़ाफ़ा होगा। ख़ासतौर पर आपको पूरे वर्ष अपनी सेहत का ख़ास ख़्याल रखने की ज़रूरत है। आवश्यकता से अधिक तनाव और बहुत ज़्यादा काम-काज आपकी तबियत ख़राब कर सकता है।कार्यक्षेत्र में आप पूरे प्रयत्न झोंक देते हैं ताकि मन मुताबिक़ परिणाम हासिल हो सकें। वरिष्ठ आपसे काफ़ी उम्दा प्रदर्शन की आशा करेंगे, इसलिए आप पर अधिक दबाव आ सकता है। आर्थिक तौर पर जनवरी का महीना थोड़ा चुनौती भरा रहेगा। इसलिए कोई भी बड़ा आर्थिक काम फ़रवरी के लिए टालना बेहतर रहेगा।
उपाय : मां दुर्गा की पूजा करें और दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
Courtesy : आचार्य राजेश कुमार (दिव्यांश ज्योतिष केंद्र)