भारतीय सेना ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, एक बाइक में सवार हुए 58 फौजी भाई

भारतीय सेना अपनी वीरता और साहस के लिए दुनियाभर में मशहूर है। इस बार इंडियन आर्मी ने एक शानदार रिकॉर्ड तैयार किया है। जानिए इस रिकॉर्ड की खास बातें।

New Delhi, Nov 21 : भारतीय सेना ने एक बार फिर से अपने साहस और शौर्य का दम दुनिया को दिखाया है। हाल ही में इंडियन आर्मी के इन जवानों ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया है। जी हां इंडियन आर्मी के इस नए कारनामे को दुनिया सलाम कर रही है। दरअसल बेंगलुरु में इंडियन एयरफोर्स बेस में एक कार्यक्रम हुआ। इस प्रोग्राम में इन जवानों ने बड़ा रिकॉर्ड तैयार कर डाला।

एक बाइक पर 58 जवान
एक बाइक पर कभी आपने 58 लोग देखे हैं। बोलना बेहद आसान है, लेकिन करना उतना ही मुश्किल है। जी हां इसके लिए जबरदस्त बैलेंस चाहिए होता है। लेकिन इन जवानों ने इस कारनामे को पूरा किया और खास बात ये है कि करीब सवा किलोमीटर तक ये जवान इस बाइक पर चलते रहे। आज तक दुनिया की किसी भी सेना ने ऐसा कारनामा नहीं किया है।

ये है स्टंट ऑफ द ईयर
इंडियन आर्मी के इस स्टंट को स्टंट ऑफ द ईयर कहा जा रहा है। आर्मी सर्विस कॉर्प्स के इस जवानों ने वो कर दिखाया जो आज तक कोई भी सेना नहीं कर पाई है। इस बीच रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है कि 500 सीसी की रॉयल एनफील्ड बाइक पर इंडियन आर्मी के जवानों ने ये शानदार करतब दिखाया है। इस टीम का नेतृत्व मेजर बन्नी शर्मा ने किया है।

तिरंगे में लिपटे थे जवान
इन सभी जवानों ने तिरंगे की ड्रेस पहनी थी। इस बाइक का रामपाल यादव चला रहे थे। रामपाल यादव के संतुलन की हर कोई तारीफ कर रहा है। अब जरा ये भी जान लीजिए कि इस स्टंट के लिए जवानों ने क्या किया था। पिछले कई दिनों से ये जवान सिर्फ बिस्किट खा रहे थे और पानी पी रहे थे। ऐसा इसलिए क्योंकि बाइक के मुताबिक वो अपना वजन संतुलित कर सकें।

तीसरी बार पाई सफलता
इंडियन आर्मी की टोर्नाडोज मोटरसाइकल डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने इससे पहले इस स्टंट में सफल होने के लिेए दो बार कोशिशें की थी। पहली दोनों कोशिशें असफल रही थी। लेकिन इसके बाद तीसरी बार इन जवानों ने ना सिर्फ सफलता हासिल की, बल्कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कायम किया। रेकॉर्ड बनाने के बाद टीम ने एक शानदार तस्वीर खिंचवाई। इस टीम की कुछ खास बातें भी हैं।

दुनिया भर में 1000 शो
ये टीम बीते तीन दशकों में दुनिया भर में 1,000 शो कर चुकी है। इस टीम के नाम 20 वर्ल्ड रिकॉर्ड पहले से ही हैं। इससे पहले इस टीम ने एक बाइक पर 56 सैनिकों को सवार किया था और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। खास बात ये है ये ही टीम 1982 के एशियाड खेलों में भी अपना जौहर दिखा चुकी है। इसके अलावा इस स्टंट की कुछ ऐसी बातें हैं, जो आपको हैरान कर देंगी।

बेमिसाल बैलेंस का दिया सबूत
इस स्टंट की सबसे खास बात इसका बैलेंस है। जी हां कहा जाता है कि इस बाइक को चलाने वाला इंडियन आर्मी का जवान बेहद ही कॉन्सन्ट्रेट रहता है। योग और ध्यान के जरिए वो खुद को इतना शक्तिशाली बना देता है कि, इतने सारे जवानों को एक साथ ले जा सके। इसके साथ ही इस स्टंट को करने से पहले डायट पर ध्यान देना और बैलेंस करना काफी जरूरी होता है।

दुनियाभर में हुई चर्चाएं
भारतीय सेना के जवानों ने जिस तरह से इस स्टंट को निभाया है, वो बेहद ही शानदार है। हर तरफ इस शानदार स्टंट की चर्चाएं हो रही हैं। इसी वजह से इसका नाम स्टंट ऑफ द ईयर रखा गया है। खास बात ये है कि इस स्टंट को एक बार फिर से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह दी गई है। इससे पहले 56 जवानों के साथ वाला स्टंट भी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है।