26 जनवरी पर इस बार कई परंपराओं में बदलाव, जानिये राजपथ पर क्या होगा खास?

parede

गणतंत्र दिवस के जश्न के दौरान राजपथ पर विराट भारत की झलक देखने को मिलेगी, नये भारत की सैन्य ताकत से लैस इस समारोह में सांस्कृतिक विविधताओं की झलक देखने को मिलेगी।

New Delhi, Jan 26 : आज देश अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, दिल्ली में समारोह को लेकर जबरदस्त तैयारी है, इस बार गणतंत्र दिवस के जश्न में कुछ नवाचार और बदलाव भी हुए हैं, इस बार की परेड तथा देश के गणतंत्र की गौरव गाथा पहले से अलग होने के साथ-साथ और भी शानदार दिखाई देगी।

भव्य आयोजन
गणतंत्र दिवस के जश्न के दौरान राजपथ पर विराट भारत की झलक देखने को मिलेगी, नये भारत की सैन्य ताकत से लैस इस समारोह में सांस्कृतिक विविधताओं की झलक देखने को मिलेगी। इस साल कोहरे के मद्देनजर परेड तथा फ्लाईपास्ट प्रदर्शन राजपथ पर आधा घंटा देर से यानी सुबह 10.30 बजे शुरु होगा, हर साल ये कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरु होता था, इसी तरह कोरोना महामारी के कारण पिछली बार की तरह इस साल भी किसी विदेशी मुख्य अतिथि को आमंत्रित नहीं किया गया है।

परेड का मुख्य आकर्षण
इस आयोजन में पहली बार भारतीय वायुसेना के 75 विमानों का भव्य फ्लाई पास्ट किया जाएगा, वहीं प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के जरिये चयनित 480 प्रतियोगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, समारोह स्थल पर दूर बैठे लोगों को कार्यक्रम दिखाने के लिये हर 75 मीटर की दूरी पर 10 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है।

राजपथ पर 25 झांकियां
12 राज्य, 9 केन्द्रीय मंत्रालयों, 2 डीआरडीओ, वायुसेना और नौसेना की एक-एक झांकी शामिल।
परेड के दौरान सीआरपीएफ, एसएसबी के जवान अपना शौर्य दिखाएंगे, दिल्ली पुलिस तथा एनसीसी का दस्ता भी होगा मार्च में शामिल।
गणतंत्र दिवस के मौके पर भव्य फ्लाई पास्ट वायुसेना, नौसेना, और थलसेना के 75 विमान लेंगे हिस्सा।
आजादी के 75वें साल में आयोजित गणतंत्र दिवस में 17 जगुआर लड़ाकू लेंगे हिस्सा, राजपथ के ऊपर बनाएंगे 75 की आकृति।