नींद, सेहत और दिमाग का बेस्ट घरेलू इलाज, कपूर के राज कमाल के हैं

क्या आप जानते हैं कि अच्छी नींद, अच्छी सेहत और तेज दिमाग के लिए आपके घर में ही बेस्ट घरेलू इलाज है। इस बारे में हम आपको बता रहे हैं। आप भी जानिए।

New Delhi, Feb 08: कई बार लोग अच्छी नींद, अच्छी सेहत और अच्छा दिमाग पाने के लिए कई कोशिशें करते हैं। लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि आपके घर में ही इन सारी बीमारियों का अचूक इलाज छिपा है। हम बात कर रहे हैं कपूर की। जी हां पूजा में इस्तेमाल किया जाने वाला कपूर आपके लिए स्वास्थ्य के लिहाज से काफी फायदेमंद है। आइए इसके बेस्ट घरेलू इलाज के बारे में आपको बताते हैं।

हिंदू परंपरा में धार्मिक महत्व
हिंदू परंपरा में कपूर का काफी धार्मिक महत्व है। कपूर को पूजन-पद्धतियों का महत्वपूर्ण हिस्सा कहा जाता है। अब आपको इसके औषधीय गुणों के बारे में भी बता देते हैं। सर्दी के मौसम में पुराने ऊनी कपड़ों को कीड़ों से सुरक्षित रखने के लिए कपूर का इस्तेमाल आमतौर पर किया जाता है। अपने घर में बुजुर्गों को ऐसा करते हुए आपने जरूर देखा होगा।

औषधीय गुणों से भरपूर है कपूर
इन सबके अलावा कपूर में बहुत सारे औषधीय गुण छुपे हैं। ये शरीर और दिमाग दोनों को दुरुस्त रखने में मददगार होता है। क्या आप जानते हैं कि जलने-कटने, जोड़ों के दर्द और तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के लिए कपूर लाभकारी प्राकृतिक औषधि साबित हो सकता है। इसलिए आपका कपूर के इन बाकी औषधीय गुणों के बारे में हम आपको बता रहे हैं।

नींद ना आने की परेशानी दूर होगी
जी हां कपूर का सबसे पहला फायदा ये है कि आप इसके जरिए नींद ना आने की परेशानी को खत्म कर सकते हैं। नींद ना आना आजकल की हर किसी के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। इसके लिए आप एक काम करें। कपूर के तेल की खूशबू दिमाग को शांत रखने का काम करती है। इसके अलावा ये बेहतर नींद लाने में असरदार है। कपूर के तेल की कुछ बूंदों को अपने तकिए पर लगाएं और सो जाएं।

बंद नाक से ऐसे मिलेगा आराम
सर्दियों में जुकाम और नाक बंद हो जाना एक आम बात हो गई है। इस वक्त में सांस लेने में तकलीफ हो जाती है और छींक आने जैसी समस्याएं पैदा हो जाती हैं। लेकिन इस समस्या का समाधान कपूर है। एक बर्तन में पानी गर्म कीजिए और इसमें कपूर का टुकड़ा डाल लें। अब अपने सिर और कटोरे को तौलिए से ढंक लीजिए और स्टीम को नाक के रास्ते अंदर खींचिए।

बाल बढ़ाने में कामयाब है कपूर
आम तौर पर लोगों को बाल ना बढ़ने की परेशानी होती है। बालों के ना बढ़ने के कई वजहें हो सकती हैं। क्या आप जानते हैं कि कपूर के तेल से इस समस्या से निपटा जा सकता है।जी हां इसके लिए आपको एक काम करना होगा। सिर पर लगाने वाले तेल में कपूर का तेल मिलाइए और लगाइए। इससे सिर की त्वचा में रक्त प्रवाह बढ़ता है और बालों में बढ़ोतरी होती है।

खाज और खुजली से मिलेगा छुटकारा
कई बार लोगों को खाज और खुजली की समस्या हो जाती है। ऐसे वक्त में त्वचा लाल पड़ जाती है। इससे निपटने के लिए कपूर के तेल को पानी में मिलाएं और खाज खुजली से प्रभावित जगह पर लगाएं। ऐसा कुछ दिन तक करने से जल्द ही खाज से छुटकारा मिल जाएगा। इसके अलावा भी कपूर आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।

मच्छरों का सबसे बेहतर इलाज
क्या आप जानते हैं कि कपूर मच्छरों से निपटने में मददगार साबित होता है। कमरे में कपूर को जलाकर सारे खिड़की और दरवाजे बंद कर दें। ये कमरे के कोने में छिपे मच्छरों को मारने में मदद करता है। इसके साथ ही मलेरिया तथा डेंगू जैसी घातक बीमारियों से बचाता है। कुल मिलाकर कहें तो कपूर आपके लिए बेस्ट घरेलू इलाज है।