Video: आ गया पद्मावती का ट्रेलर, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर की जोरदार टक्कर

padmavati trailer

(ट्रेलर देखने के लिए नीचे स्क्रॉल करें)
पद्मावती फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। इस में रणवीर सिंह और शाहिद कपूर के किरदार की भव्यता देखते ही बनती है। दीपिका का तो कहना ही क्या।

New Delhi, Oct 09: जिसका काफी लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था वो घड़ी आ गई, संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती जो अपने निर्माण के एलान के साथ ही विवादों में घिर गी थी, उस का ट्रेलर सोमवार को जारी कर दिया गया। लगभग 3 मिनट 10 सेकंड का ये ट्रेलर आपको उस दौर में ले जाएगा जो राजपूतों के इतिहास में सबसे बड़ी शौर्य गाथा के रूप में याद किया जाता है। रानी पद्मावती की अमर कहानी पर बनी ये फिल्म 1 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म का काफी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। तो इसके कुछ कारण भी हैं। सबसे पहली बात तो ये है कि फिल्म में पद्मावती को लेकर अलाउद्दीन खिलजी की दीवानगी को दिखाया गया है।

ये विषय काफी विवादित रहा है। फिल्म का ट्रेलर देख कर आप को रणवीर सिंह का लुक डरावना लगेगा। अलाउद्दीन खिलजी के रोल में रणवीर ने खुद को पूरी तरह से ढाल लिया है। वो खिलजी जितने क्रूर और वहशी दिखाई दे रहे हैं। इस से ये भी साफ हो रहा है कि संजय लीला भंसाली ने रणवीर के किरदार के लिए कितनी मेहनत की है। फिल्म में शाहिद कपूर रानी पद्मावती के पति रावल रतन सिंह के किरदार में दिख रहे हैं। शाहिद पर राजपूती आन बान शान जंच रही है। शाहिद और रणवीर का मुकाबला वाकई काफी दिलचस्प होगा।

फिल्म के ट्रेलर में दो ही संवाद हैं। एक शाहिद कपूर बोलते हैं, वो राजपूतों की आन बान शान को रेखांकित करने वाला संवाद बोलते हैं। वहीं दूसरा डायलॉग पद्मावती बनी दीपिका बोलती हैं। वो कहती हैं कि राजपूत महिलाओं के कंगन में भी उतनी ही ताकत होती है जितनी तलवार में। ये डायलॉग सुनकर फिल्म का इंतजार और ज्यादा बढ़ जाता है। फिल्म का ट्रेलर देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि संजय लीला भंसाली ने कितने बड़े पैमाने पर ये फिल्म बनाई हैौ। इसका कैनवस बहुत विशाल है। फिल्म के ट्रेलर में अलाउद्दीन खिलजी बने रणवीर का एक भी डायलॉग नहीं है। लेकिन वो फिर भी बहुत कुछ कह जाते हैं।

पद्मावती के रोल में दीपिका पादुकोण भी जंच रही हैं। इस फिल्म का ट्रेलर सोमवार को 1 बजकर 3 मिनट पर जारी किया गया। इसके पीछे भी एक कहानी है। दरअसल 1303. ईस्वी में अलाउद्दीन खिलजी और रावल रतन सिंह के बीच लड़ाई हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए ठीक 13.03 मिनट पर ट्रेलर जारी किया गया। बहरहाल ये ट्रेलर दर्शकों की उत्सुकता को बढ़ा रहा है। तीनों लीड एक्टर्स फिल्म में बेहद शानदार लग रहे हैं। अब देखना ये है कि फिल्म को लेकर कर्णी सेना का क्या रुख रहता है। वो इस फिल्म का शुरू से विरोध कर रहे हैं।